राजधानी की सड़कों पर हर साल औसतन 25 हजार नए वाहन उतर रहे हैं। गाड़ियों की संख्या तो बढ़ रही है लेकिन उस अनुमात में ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बनाए जा रहे हैं। बिना लाइसेंस गाड़ी चलाना कानून जुर्म है। इसके बाद भी महिलाएं और युवा बेखौफ बाइक, मोपेड और कार दौड़ा रहे हैं।
लाइसेंस नहीं होने के कारण युवाओं को ट्रैफिक नियमों की जानकारी भी कम रहती है, इस वजह से राजधानी में ही रोज औसतन एक-दो छोटे-बड़े हादसे होते हैं। शुक्रवार को तेलीबांधा में कार ने एक युवती को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह करीब 20 फुट दूर गिरी और उसकी मौत हो गई। जांच में पता कि कार चालक के पास लाइसेंस ही नहीं था। इसकी जानकारी मिलने पर भास्कर ने ड्राइविंग लाइसेंस बनाने वालों की जानकारी निकाली तो चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए। पता चला कि रायपुर आरटीओ में छोटी-बड़ी गाड़ियां करीब 20 लाख पंजीकृत हैं। जबकि लाइसेंस केवल 7 लाख ही बने हैं।
आरटीओ से ड्राइविंग लाइसेंस के आंकड़े निकालने के बाद ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई की पड़ताल की गई। इस दौरान पता चला कि ट्रैफिक पुलिस का फोकस भी ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है। रोड के किनारे और चौक चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस दुपहिया में ट्रिपल सवारी, बिना हेलमेट और हाई स्पीड वाहन चालकों का चालान करने के साथ रांग साइड चलने वालों का चालान करती है, लेकिन लाइसेंस की जांच नहीं करती।
राजधानी में ट्रैफिक पुलिस ने पिछले 90 दिनों में 30 हजार से ज्यादा चालान किए हैं। इसमें 9 हजार से ज्यादा नो पार्किंग में खड़ी गाड़ियों का चालान किया है। उसके बाद रांग साइड और बिना हेलमेट वालों का नंबर है। इनके क्रमश: 6 हजार और 3 हजार से ज्यादा चालान किए गए हैं। जबकि बिना लाइसेंस केवल 225 वाहन चालाकों का चालान किया गया है। इसी से साफ है कि बिना लाइसेंस वालों के खिलाफ कार्रवाई ही नहीं की जा रही है। इस वजह से वाहन चालक लाइसेंस बनवाने में भी रुचि नहीं ले रहे हैं। आरटीओ का भी उड़नदस्ता है लेकिन उनका फोकस भी लाइसेंस नहीं है। अफसरों का के अनुसार आरटीओ के पास ट्रैफिक पुलिस जितना अमला नहीं है। इसलिए शहर में ट्रैफिक पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। सिग्नल तोड़ने पर ही कार्रवाई शहर में किस वाहन चालक के पास लाइसेंस है और किसके पास नहीं? इसकी मॉनीटरिंग के लिए कोई सिस्टम ही नहीं बनाया गया है। शहर के चौक चौराहों पर ट्रैफिक की निगरानी के लिए आईटीएमएस कैमरे लगे हैं। ट्रैफिक पुलिस आधे से ज्यादा चालानी कार्रवाई इन्हीं कैमरों के भरोसे कर रही है। ये कैमरे केवल रांग साइड, सिग्नल तोड़ने वालों और हाई स्पीड वाहन चालकों का ही फोटो खींच पाता है। उसी के फुटेज निकालकर ट्रैफिक पुलिस ऑनलाइन चालान लोगों को भेजती है। कैमरे से ड्राइविंग लाइसेंस का पता नहीं चल पाता, इस वजह से कार्रवाई भी नहीं की जा रही है। केवल शराबियों पर सख्ती इस साल 90 दिनों में ट्रैफिक पुलिस ने 1200 से ज्यादा लोगों का लाइसेंस निलंबित करने के लिए भेजा है। इसमें 756 लोगों का ड्राइविंग लाइसेंस आरटीओ से निलंबित हुआ है। ये सभी शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़े गए थे। पिछले 2024 में 2500, 2023 में 2795, 2022 में 1052 और 2021 में 477 लोगों का लाइसेंस निलंबित किया गया है।
हमारा फोकस ट्रैफिक सुधारने में ज्यादा
रोड पर ट्रैफिक सिस्टम न बिगड़े, हमारा फोकस इस पर रहता है। इसलिए रांग साइड, ट्रिपल सवारी और हाई स्पीड पर ज्यादा कार्रवाई की जाती है। अब जरूरत बिना लाइसेंस वालों पर कार्रवाई की है।
गुरजीत सिंह, ट्रैफिक डीएसपी
लोग नहीं बनवा रहे लाइसेंस
सड़कों पर जितनी गाड़ियां दौड़ रही है, उसके मुकाबले ड्राइविंग लाइसेंस की संख्या कम है। लोग ज्यादा से ज्यादा लाइसेंस बनवाएं इसके लिए जागरुकता जरूरी है। जल्द ही लाइसेंस के लिए कैंप लगाने की प्लानिंग है।
मनोज ध्रुव, क्षेत्रिय परिवहन अधिकारी


