तेल कांड के बाद इंचार्ज पद से हटाई डॉ. रमा सम्मानित

भास्कर न्यूज | अमृतसर 7 माह पहले ऑटो-वर्कशॉप में तेल चोरी का मामला सामने आने के बाद जिन इंचार्ज एएमएचओ डॉ. रमा रानी का तबादला दूसरी जगह कर दिया गया था, उन्हें 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर जिला स्तरीय समागम में सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें नगर निगम के वेस्ट जोन की मेडिकल अफसर हेल्थ और इंचार्ज के तौर पर बेहतर काम करने के लिए दिया गया। सम्मान निगम के अधिकारियों की सिफारिश पर दिया गया। निगरानी में ढील होने के बाद जिस अधिकारी का तबादला किया गया, उसे उत्कृष्ट काम के तौर पर सम्मान करना विवाद खड़ा करने वाला है। गौर हो कि दैनिक भास्कर ने स्टिंग कर वर्कशॉप के बाहर डीजल चोरी कर बेचने का पर्दाफाश किया था। इसके बाद वर्कशॉप के इंचार्ज पद से एएमएचओ डॉ. रमा रानी को हटा दिया गया था। निगम की ओर से इस संबंध में प्रेस नोट जारी किया गया। इसमें लिखा गया है कि यह सम्मान डॉ. रमा की सराहनीय और समर्पित सेवाओं, विशेषकर जन स्वास्थ्य-निगम सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। बता दें कि गणतंत्र दिवस पर 278 लोगों को को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिसमें अलग-अलग सरकारी विभागों के अफसर-मुलाजिम, समाजसेवी, संगठन, खिलाड़ी, बहादुरी के लिए व अन्य शामिल हैं। इनमें 55 ऐसे अफसर-मुलाजिम हैं जिन्हें ईमानदारी से ड्यूटी करने के लिए सम्मान दिया गया है। गौर हो कि अपनी फील्ड में उत्कृष्ट काम करने वालों का उत्साह बढ़ाना गणतंत्र दिवस के सम्मान समारोह का मूल उद्देश्य है। मगर बीते कुछ साल से समागम में ईमानदारी से ड्यूटी करने पर ही प्रशंसा पत्र देना परंपरा बनता जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *