केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने बिलासपुर कलेक्ट्रेट में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तोखन साहू ने बिलासपुर स्मार्ट सिटी की धीमी प्रगति और गुणवत्ताहीन कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए और यह जमीन पर दिखना भी चाहिए। उन्होंने मनरेगा के लंबित कार्यों, मजदूरी भुगतान, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण और आंगनबाड़ी भवनों के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितताओं की शिकायतों पर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। लेन-देन पर सख्त रोक लगाने, आवास मित्रों के मानदेय से जुड़े मामलों की जांच करने और गड़बड़ी पाए जाने पर वसूली के भी निर्देश दिए गए। जल संरक्षण पर दिया जोर मनरेगा के कार्यों में जल संरक्षण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। मंत्री ने एम.आई. टैंक, वेटलैंड संरक्षण और शासकीय तालाबों के पुनर्जीवन पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में गर्मी के मौसम में संभावित पेयजल समस्या के निराकरण के लिए योजना बनाने पर भी चर्चा हुई। स्मार्ट सिटी के घटिया निर्माण पर जनप्रतिनिधि नाराज जनप्रतिनिधियों ने स्मार्ट सिटी परियोजना की धीमी गति और गुणवत्ता विहीन कार्यों पर नाराजगी जताई। बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत 32 में से 11 सड़कों के पूर्ण होने की जानकारी दी गई। पीएम जनमन योजना, सड़क व पुल निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। रेत घाटों के चलते जर्जर हो रही सड़कों की चिंता जनप्रतिनिधियों ने रेत घाटों के कारण सड़कों के जर्जर होने की समस्या पर भी चिंता व्यक्त की। बैठक के अंत में सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें, पारदर्शिता बनाए रखें तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करें। 122 गांवों के विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 122 गांवों की विकास परियोजनाओं और अरपा भैंसाझार परियोजना सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में विधायक धरम लाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल आदि उपस्थित थे। कलेक्टर ने जल संरक्षण और वृक्षारोपण के लिए ठोस-गहन योजना बनाकर कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक और प्रेरित किया जा सकता है।


