तो क्या अंबेडकर व गांधी को भूल गए भाजपाई?:पंकज चौधरी के हाथों माल्यार्पण की सूची से गायब हैं ये दो नाम

भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी पहली बार अपने गृह जनपद गोरखपुर आ रहे हैं। स्थानीय भाजपा संगठन की ओर से उनके स्वागत की जोरदार तैयारी की गई है। इसके लिए एक बड़ा प्लान भी तैयार किया गया है। उस रास्ते पर पड़ने वाले चौराहों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमा पर पंकज चौधरी द्वारा माल्यार्पण का कार्यक्रम भी बनाया गया है। लेकिन इस प्लान को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं, क्योंकि जिन महापुरुषों की प्रतिमा का माल्यार्पण होना है, उनमें न तो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम है और न ही बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडकर का। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या गोरखपुर के भाजपाई डा. अंबेडकर व गांधी को भूल गए।
रविवार की शाम तक इस प्लान में कोई सुधार भी नहीं किया गया है। जगह-जगह भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत की तैयारी है। शहर में महात्मा गांधी की सबसे प्रमुख प्रतिमा टाउनहाल पर है। इस आदमकद प्रतिमा के समक्ष अनशन भी होता है और किसी अवसर पर यहां माल्यार्पण भी किया जाता है। जब भाजपा ने एकता पदयात्रा निकाली थी तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद ही पदयात्रा शुरू की थी। इसी तरह बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडकर की प्रमुख आदमकद प्रतिमा शहर के बीच में अंबेडकर चौराहे पर स्थापित है। इसके एक ओर दीवानी कचहरी है तो दूसरी ओर कलेक्ट्रेट कचहरी। बगल में कमिश्नरी और विकास भवन भी स्थित है। आए दिन यहां कार्यक्रम होते रहते हैं। कोई बाबा साहब को याद करता है तो उसके लिए इसी स्थान को चुनता है। अब जानिए सवाल क्यों उठ रहे
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत का जो रूट तैयार किया गया है। वह इन दोनों प्रतिमाओं के पास से ही गुजर रहा है। लेकिन प्लान बनाने वालों को इन महापुरुषों का नाम ही ध्यान नहीं आया। अंबेडकर चौक के एक ओर लगभग 200 मीटर पर शास्त्री चौक है। जहां 6 जनवरी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष इसी शास्त्री चौक पर आएंगे और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। यहां से गोलघर जाते हुए 100 मीटर दूर स्थित कचहरी चौराहे से लगभग 50 मीटर की दूरी पर महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित है।
इसी तरह 5 जनवरी को पंकज चौधरी के काफिले को छात्रसंघ चौराहा से दो बार गुजरने का प्लान बनाया गया है। छात्र संघ चौराहा से अंबेडकर चौराहा की दूरी लगभग 300 से 400 मीटर है। लेकिन वहां जाने का कोई कार्यक्रम अब तक नहीं बना है। एक भाजपा नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि स्थानीय संगठन की यह बड़ी चूक है। महात्मा गांधी का नाम कैसे भूला जा सकता है। डा. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण का कार्यक्रम न होना भी समझ से परे है। संशोधित हो सकता है प्लान
भाजपा नेताओं से जब इस बात चूक की चर्चा की गई तो वे आधिकारिक रूप से कुछ कहने को तैयार नहीं हुए। हालांकि उन्होंने प्लान में संशोधन का संकेत जरूर दिया है। कल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आने के बाद इन दोनों प्रतिमाओं पर माल्यार्पण का कार्यक्रम तय हो सकता है। तैयारियों का लिया जायजा
नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के गोरखपुर क्षेत्र में प्रथम आगमन पर होने वाले स्वागत कार्यक्रमों की तैयारी को अंतिम रूप दिया गया। रानीडीहा स्थित पार्टी कार्यालय पर होने वाले स्वागत सभा स्थल की तैयारियों का भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय ने निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्रीय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ल, समीर सिंह, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, डॉ सत्येन्द्र सिन्हा, राहुल श्रीवास्तव, छट्ठेलाल निगम, साकेत सिंह सोनू, अखिलदेव त्रिपाठी, जितेंद्र कुमार जित्तू, मनोज शुक्ल, सबल सिंह पालीवाल, हरिकेश राम त्रिपाठी, ब्रह्मानन्द शुक्ल आदि उपस्थित रहे। यह होगा नए प्रदेश अध्यक्ष के आगमन का रूट
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सोमवार की सुबह 11 बजे गोरखनाथ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया जाएगा। वहां से निकलकर नंदानगर, गौतम गुरुंग तिराहा होते हुए मोहद्दीपुर गुरुद्वारा पहुंचेंगे। वहां गुरु गोविंद सिंह के प्रकाशोत्सव के अवसर पर चल रहे कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद मोहद्दीपुर से विश्वविद्यालय चौराहा पहुंचेंगे। वहां से दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर आएंगे। प्रशासनिक भवन में स्थापित पं. दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद छात्रसंघ चौराहे पर स्वामी विवेकानंद, पैडलेगंज चौराहे पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की मूर्ति पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद नौका विहार चौराहा, चिड़ियाघर, सिक्टौर चौराहा होते हुए भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचेंगे। वहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। भाजपा कार्यालय से निकलकर प्रदेश अध्यक्ष सिक्टौर चौराहा, भगत चौराहा, देवरिया बाईपास तिराहा, पैडलेगंज चौराहा, मोहद्दीपुर चौराहा, विश्वविद्यालय चौराहा होते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। वहां महाराणा प्रताप की मूर्ति पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद यातायात तिराहा, विश्वकर्मा मंदिर, तरंग क्रासिंग होते हुए झूलेलाल मंदिर होते हुए गोरखनाथ मंदिर पहुंचेंगे। वहां दर्जन-पूजन करेंगे। इसके बाद बरगदवा रोड पर रिगालिया रिजार्ट होते हुए आरएसएस के कार्यालय माधवधाम पहुंचेंगे वहां से वापसी में गोरखनाथ होते हुए मानसरोवर मंदिर, सूरजकुंड ओवरब्रिज, तिवारीपुर थाना, इलाहीबाग, हर्बर्ट बांध, लालडिग्गी, गीता प्रेस मोड होते हुए अपने आवास जाएंगे। जानिए 6 जनवरी को क्या करेंगे
6 जनवरी की सुबह प्रदेश अध्यक्ष अपने घर से निकलेंगे और घोस कंपनी चौराहा होते हुए सदर अस्पताल पहुंचेंगे। वहां कुछ मरीजों में फल वितरित करेंगे। उसके बाद शास्त्री चौक पहुंचकर लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। वहां से कचहरी चौराहा, जलकल, बलदेव प्लाजा, गणेश चौराहा होते हुए गोलघर काली मंदिर पहुंचेंगे और माता काली का पूजन करेंगे। चौराहे पर स्थापित सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद असुरन चौक पहुंचकर लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद एचएन सिंह चौराहा, शाहपुर थाना तिराहा, राप्तीनगर चौराहा, खजांची चौराहा, रेल विहार चरगांवा तिराहा, मोगलहा पेट्रोलपंप, मेडिकल कालेज के पास केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान के आवास पर उनका स्वागत किया जाएगा। झुंगिया हनुमान मंदिर के सामने, सरैया बाजार होते हुए ज्योति पब्लिक इंटर कालेज नाहरपुर जाएंगे। वहां से सरस्वती इंटर कालेज नाहरपुर में पिपराइच के बूथ संख्या 199 की बूथ समिति के साथ बैठक कर गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान (SIR) की समीक्षा करेंगे। यह देखेंगे कि बूथ पर कितने नाम कटे और कितने मतदाता बचे। महराजगंज जिले में भी कई स्थानों पर होगा स्वागत
यहां से प्रदेश अध्यक्ष का काफिला महराजगंज जिले में उनके लोकसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगा। कतरारी, गोधवल, श्यामदेउरवा, अमवा चौराहा, परतावल, छपिया, धर्मपुर, कमता चौराहा, भिटौली, टोल प्लाजा, शिकारपुर, गौनरिया, रमपुरवा, हनुमानगढ़ी होते हुए प्रदेश अध्यक्ष सक्सेना चौक पहुंचेंगे और पूर्व सांसद स्व. सिब्बन लाल सक्सेना की मूर्ति पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद भाजपा कार्यालय मोड़ होते हुए भाजपा जिला कार्यालय महराजगंज पर कार्यकर्ता सम्मलेन को संबोधित करेंगे। इसके बाद महराजगंज स्थित अपने आवास पर रात्रि विश्राम करेंगे। अब जानिए 7 जनवरी के कार्यक्रम
पंकज चौधरी 7 जनवरी की सुबह 10 बजे महराजगंज स्थित आवास से रवाना होंगे। उसके बाद महुअवां, पकड़ी, रसूलपुर, त्रिमोहानी, महदेवा, क्षत्रिय चौराहा बाईपास, फरेंदा ओवरब्रिज के नीचे, फरेंदा अंबेडकर चौराहा, धानी ढाला होते हुए गोरखपुर की कैंपियरगंज विधानसभा में प्रवेश करेंगे। इसके बाद पीपीगंज रेलवे स्टेशन के सामने, जंगल कौड़िया जीरो प्वाइंट होते हुए सहजनवा विधानसभा क्षेत्र के कालेसर जीरो प्वाइंट पर पहुंचेंगे। वहां से बाघागाड़ा होते हुए महावीर छपरा जाएंगे। वहां से वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कसिहार, कौड़ीराम, गगहा, हाटा, बड़हलगंज होते हुए मऊ जनपद में प्रवेश करेंगे। मऊ के कार्यकर्ता दोहरीघाट पुर पर उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद गोठा बाजार, अमिला बाजार, घोसी, कोपागंज, बलिया मोड़, भीटी चौराहा, गाजीपुर तिराहा मऊ, बढुवा गोदाम होते हुए काशी क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत की तैयारियों को लेकर क्षेत्रीय अध्यक्ष ने भाजपा महानगर कार्यालय पर बैठक भी की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *