त्योहारों से पहले सड़क पर अतिक्रमण पर सख्ती:भिंड में फुटपाथ खाली कराए, ठेले हटाए, कहाः हॉकर्स जोन में लगाने होंगे ठेले

त्योहारों से पहले भिंड शहर में प्रशासन ने सख्ती दिखा दी है। रविवार को नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने सदर बाजार, गोल मार्केट और परेड चौराहा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। सड़क किनारे रखे ठेले, टेबल और दुकानों के आगे फैला सामान हटवाया गया। त्योहार नजदीक हैं और शहर की सड़कों पर भीड़ बढ़ने लगी है। इसी के चलते रविवार को प्रशासन ने अभियान छेड़ दिया। पुलिस और नपा अमले ने बाजारों में घूम-घूमकर सड़क और फुटपाथ पर फैले सामान को हटवाया। कई दुकानदारों को समझाइश दी गई तो कुछ को सख्त चेतावनी भी मिली। कार्रवाई के बाद बाजारों में फुटपाथ साफ-सुथरे दिखे। राहगीरों और खरीदारों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना की और कहा कि अब त्योहारों के दौरान चलना आसान रहेगा। टीम ने स्पष्ट किया कि अब सड़क पर कब्ज़ा नहीं चलेगा। इस दौरान सीएसपी निरंजन सिंह राजपूत, सिटी कोतवाली टीआइ बृजेंद्र सिंह सेंगर, देहात थाना प्रभारी मुकेश शाक्य, यातायात प्रभारी राघवेंद्र भार्गव और नपा अमला कार्रवाई में मौजूद रहे। सीएसपी बोलेः अभी चेतावनी, अगली बार जब्ती सीएसपी निरंजन सिंह राजपूत ने साफ कहा कि सड़क और फुटपाथ जनता के हैं, दुकानों के नहीं। इस बार केवल चेतावनी दी जा रही है, लेकिन अगली बार सामान जब्त किया जाएगा। उन्होंने ठेला चालकों को हॉकर्स जोन में ही ठेले लगाने की नसीहत दी। पुलिस ने कहा कि त्योहारों के दौरान ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण को लेकर कोई समझौता नहीं होगा। नपा-पुलिस की संयुक्त टीम अब नियमित रूप से बाजारों का निरीक्षण करेगी। जो भी व्यापारी दोबारा अतिक्रमण करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *