भास्कर न्यूज | राजिम मकर संक्रांति के पावन पर्व पर छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध राजिम त्रिवेणी संगम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। ब्रह्म मुहूर्त से ही देशभर से आए हजारों भक्तों ने संगम में पुण्य स्नान कर धर्म लाभ अर्जित किया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने श्री राजीव लोचन मंदिर, कुलेश्वरनाथ महादेव सहित अन्य मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। हालांकि, श्रद्धा और आस्था के इस महापर्व पर व्यवस्थाओं की बदहाली ने भक्तों के लिए परेशानी का कारण बनी। संगम क्षेत्र में कई स्थानों पर गंदगी, कचरा और दूषित जल दिखाई दिया, जिससे श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी गई। कुछ भक्तों ने मजबूरी में दूषित पानी में स्नान किया।श्रद्धालुओं ने बताया कि संगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और आवागमन की समुचित व्यवस्था का घोर अभाव था। भीड़ अधिक होने के बावजूद प्रशासनिक तैयारियां नाकाफी नजर आईं। मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा और अन्य राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने कहा कि राजिम जैसे पवित्र तीर्थ स्थल पर इस तरह की अव्यवस्था आस्था को ठेस पहुंचाती है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि हर वर्ष मकर संक्रांति पर भारी भीड़ उमड़ती है, लेकिन इसके बावजूद पूर्व तैयारी और निगरानी की कमी साफ नजर आई। श्रद्धालुओं ने मांग की कि भविष्य में ऐसे आयोजनों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।


