बलरामपुर जिले के लूरगी खुर्द स्थित प्राथमिक शाला लेफरी में त्रैमासिक परीक्षा का पहले दिन ही अव्यवस्था देखा गया। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए शिक्षक समय पर नहीं पहुंचे। इस मामले में BEO ने कार्रवाई की बात कही है। स्कूल में पदस्थ दोनों शिक्षक दोपहर 12:20 बजे तक स्कूल नहीं पहुंचे। कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थी करीब दो घंटे तक स्कूल परिसर में इंतजार करते रहे। न तो प्रश्नपत्र उपलब्ध थे और न ही कोई पर्यवेक्षक शिक्षक मौजूद था। परेशान अभिभावकों ने पूरी स्थिति का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। अभिभावकों का कहना है कि जब परीक्षा के दिन भी शिक्षक जिम्मेदारी नहीं निभा रहे, तो रोजाना की पढ़ाई की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। मौके पर पहुंचे BEO मामले की जानकारी मिलते ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी हरिशंकर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शिक्षकों को सुबह 10 बजे तक स्कूल पहुंचना था। इस मामले में रिपोर्ट बनाकर जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी जा रही है। दोषी शिक्षकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


