भास्कर संवाददाता| पाडल्या युवाओं ने अंग्रेजी कैलेंडर वर्ष का स्वागत सुंदरकांड पाठ का आयोजन कर भक्ति भाव से किया। लगातार 13 साल से थर्टी फर्स्ट पर यह आयोजन हो रहा है। थर्टी फर्स्ट को आमतौर पर पार्टी व मौज-मस्ती से जोड़ा जाता है, वहीं युवाओं ने इससे अलग हटकर भगवान की भक्ति में लीन होकर नए साल की शुरुआत की। युवाओं ने बाल हनुमान मंदिर को आकर्षक रुप से सजाया। बाल हनुमान को चोला चढ़ाकर श्रृंगार किया। रात 8 बजे से पं. देवेंद्र दास बैरागी व उनकी भजन मंडली ने संगीतमय सुंदरकांड पाठ शुरू किया। इसके साथ भजनों पर युवा, बुजुर्ग व श्रद्धालु झूम उठे। देर रात तक चले कार्यक्रम के समापन पर महाआरती कर प्रसाद वितरण किया गया। इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से आने वाली पीढ़ी भी हिंदू संस्कृति व धर्म से जुड़ रही है, जो भविष्य के लिए शुभ संकेत है। नगर के बाल हनुमान मित्रमंडल में लगभग 30 युवा जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा थर्टी फर्स्ट पर युवा बाहर जाकर पार्टियां किया करते थे। ग्रुप के सदस्यों ने विचार-विमर्श के बाद सुंदरकांड से नए साल के स्वागत का निर्णय लिया। इसी उद्देश्य से 13 साल से यह आयोजन हो रहा। अब यह एक परंपरा बन चुका है। वरिष्ठ ताराचंद पाटीदार, हुकुमचंद पाटीदार, महादेव पाटीदार व श्यामलाल राठौड़ ने कहा यह आयोजन न केवल युवाओं बल्कि बच्चों व समाज को धर्म व संस्कारों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास है।


