थाना परिसर में कंबल का वितरण कुरीतियों के प्रति किया जागरूक

गढ़वा | जिले के रमकंडा थाना परिसर में गुरुवार को ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह कुटिया की ओर से थाना क्षेत्र के बुजुर्ग, असहाय, दिव्यांग, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी। मौके पर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह कुटिया ने कहा कि ठंड के मौसम में गरीब और असहाय लोगों को सबसे अधिक परेशानी होती है। ऐसे में पुलिस का यह दायित्व है कि मानवता के नाते जरूरतमंदों की सहायता की जाए। उन्होंने बताया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक ही सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने उपस्थित लोगों को सामाजिक बुराइयों के प्रति भी जागरूक किया। विशेष रूप से डायन बिसाही जैसी कुप्रथा के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई और लोगों से अंधविश्वास में पड़कर किसी निर्दोष व्यक्ति को प्रताड़ित नहीं करने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि डायन बिसाही एक अपराध है और इस तरह की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही समाज में बढ़ती शराबखोरी के दुष्प्रभावों पर भी चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि शराब न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि परिवार और समाज को भी बर्बादी की ओर ले जाती है। शराब के कारण घरेलू हिंसा, आर्थिक तंगी और अपराध बढ़ते हैं, इसलिए इससे दूर रहना आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में लोगों ने पुलिस प्रशासन के इस मानवीय व जागरूकता भरे कदम की सराहना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *