अंबिकापुर के रिंगरोड में बीती रात कार एवं थार में हुई टक्कर के बाद कार सवार युवकों ने थार चालक की बेदम पिटाई कर दी। थार चालक का कार सवार युवकों ने सिर फोड़ दिया। कार सवार युवक खुलेआम गुंडागर्दी कर लहूलुहान थार चालक की बेदम पिटाई करते रहे। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया है। घायल युवक को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। दोपहर में पीड़ित थार सवार युवक गांधीनगर थाने पहुंचा। जानकारी के मुताबिक, बीती रात करीब 10 बजे गांधी चौक से प्रतापपुर नाका की ओर जा रहे थार की शिवधारी कॉलोनी मोड़ के पास हुंडई वर्ना कार से टक्कर हो गई। वर्ना कार सवार गाड़ी मोड़ रहे थे। तेज रफ्तार में थार कार से टकरा गई। हादसे के बाद थार चालक सूरजपुर निवासी संजय सिंह ने गाड़ी रोकी और यह देखने के लिए उतरा कि हादसे में किसी को चोट तो नहीं आई है। कार सवारों की गुंडागर्दी, जमकर पीटा
घटना के बाद कार सवार युवकों ने थार सवार संजय सिंह को पकड़कर बेदम पिटाई कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सवार युवकों ने संजय सिंह का सिर खंभे से टकरा दिया। जब वह लहूलुहान हो गया तो कार सवार ने उसे बेदम पीटा। मारपीट से संजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान किसी ने घायल युवक को बचाने की कोशिश नहीं की। कार चालक द्वारा बेरहमी से मारपीट करने का वीडियो घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने रिकार्ड कर लिया। पुलिस के पहुंचने पर शांत हुआ मामला
घटना की सूचना पर गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के दौरान लोगों की भीड़ मौके पर लगी रही। पुलिस ने थार चालक को मुक्त कराया। संजय सिंह को इलाज के लिए हॉस्पिटल में दाखिल किया गया। शनिवार दोपहर में घायल संजय सिंह गांधीनगर थाने पहुंचे। दो युवकों के खिलाफ मारपीट की शिकायत
मारपीट में घायल संजय सिंह ने दो युवकों वसीम कुरैशी एवं डा. मनू कुरैशी के खिलाफ मारपीट की शिकायत गांधीनगर थाने में दर्ज कराई है। मारपीट में घायल संजय सिंह बस के ट्रांसपोर्टर हैं। संजय सिंह के अनुसार कार सवारों ने एकाएक कार मोड़ दी, जिसके कारण कार से उनकी थार वाहन टकरा गई थी। गांधीनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।


