थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे HIV संक्रमित:केंद्रीय जांच टीम सतना पहुंची, डोनर रिकॉर्ड की होगी जांच

सतना जिले में थैलेसीमिया से पीड़ित पांच बच्चों के ब्लड ट्रांसफ्यूजन के बाद HIV संक्रमित होने के मामले की जांच के लिए बुधवार दोपहर केंद्र सरकार की दो सदस्यीय जांच टीम सतना पहुंची। सेंट्रल ड्रग्स कंट्रोल अथॉरिटी के ड्रग इंस्पेक्टर महेश्वर और सचिन ने जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में प्रभारी डॉ. देवेंद्र पटेल से बंद चैंबर में मुलाकात की। इस दौरान रीवा मेडिकल कॉलेज के डॉ. लोकेश त्रिपाठी और सतना की ड्रग इंस्पेक्टर प्रियंका चौबे भी मौजूद रहीं। डोनर रिकॉर्ड और HIV टेस्टिंग प्रक्रिया की जांच होगी जांच टीम ने ब्लड बैंक प्रभारी से पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद डोनर से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले और डोनर ट्रेसिंग की प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही टीम ने ब्लड बैंक में मौजूद क्लिया मशीन के माध्यम से HIV टेस्ट की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी ली। देर शाम तक टीम ब्लड बैंक में मौजूद रहकर जांच से जुड़े तकनीकी पहलुओं की पड़ताल करती रही। ब्लड बैंक की जांच के बाद टीम ने आईसीटीसी एवं जिला एड्स कंट्रोल कमेटी की नोडल अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता से मुलाकात की। इस दौरान थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की स्क्रीनिंग, HIV पॉजिटिव आने पर बच्चों के परिजनों को दी गई काउंसलिंग तथा डोनर ट्रेसिंग में आ रही समस्याओं की जानकारी ली गई। जांच टीम के प्रभारी द्वारा सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला से भी मुलाकात किए जाने की खबर है। मीडिया से बनाई दूरी जांच टीम के सतना पहुंचने की सूचना पर शाम को महिला कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व विधायक कल्पना वर्मा के नेतृत्व में जिला अस्पताल के ब्लड बैंक पहुंचा। पहले जांच का हवाला देकर उन्हें अंदर जाने से रोका गया, लेकिन बाद में ब्लड बैंक प्रभारी ने उनसे मुलाकात कर जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने दोषियों को लेकर सवाल उठाए, जिस पर जांच टीम ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। वहीं केंद्रीय जांच टीम ने पूरे समय मीडिया से दूरी बनाए रखी और ब्लड बैंक के गेट पर सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *