नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के जगरगुंडा में 25 साल पहले जिस बैंक को नक्सलियों ने उड़ा दिया था, वहां अब फिर से बैंक खुल गया है। वर्चुअल जुड़े मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा शुरू की। इसके आसपास 30 किमी के दायरे में कोई बैंक नहीं। इससे आसपास के 12 गांव के करीब 14 हजार ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। साथ ही एटीएम की सुविधा भी ग्रामीणों के लिए उपलब्ध कराई गई है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रयासों से शुरू हुए बैंक का शुभारंभ करते हुए सीएम साय ने कहा कि आज का दिन इस क्षेत्र के लोगों के लिए ऐतिहासिक है। लंबे समय से यह क्षेत्र नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। पिछले डेढ़ वर्षों में हमारी डबल इंजन की सरकार में हम बस्तर क्षेत्र में शांति स्थापित करने में कामयाब हुए हैं। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि जब वे दंतेवाड़ा में कलेक्टर थे, तब यह इलाका घोर नक्सल प्रभावित था। अंदरूनी इलाके में जाने के पहले सोचना पड़ता था। वर्ष 2001 में इस भवन में ग्रामीण बैंक की शाखा थी, जिसे नक्सलियों ने लूटने का प्रयास किया था। आज इसी भवन में इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा खुल रही है। यहां से ग्रामीणों को तेंदूपत्ता बोनस, किसान सम्मान निधि जैसी अनेक योजनाओं की राशि गांव में ही मिलेगी। वित्तमंत्री चौधरी ने बैंक परिसर में कैश काउंटर और शाखा प्रबंधक कार्यालय का निरीक्षण करते हुए बैंक में अपना भी खाता खुलवाया। उनके साथ महिला आयोग की सदस्य दीपिका सोरी ने भी बैंक में अपना खाता खुलवाया।


