अलवर के खेड़ली कस्बे के गांव रिंगसपुरा में रविवार देर रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले घर में सो रहे दंपति को कमरे में बाहर से बंद कर दिया और आराम से चोरी कर फरार हो गए।
मकान मालिक बाबूलाल मीणा ने बताया की घर में रात के समय अज्ञात चोर घुस आए। चोरों ने एक कमरे की अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी सोने की चार चूड़ियां, एक सोने की चेन, कानों के टॉप्स सहित अन्य जेवरात चुरा लिए। इसके बाद दूसरे कमरे में रखा एक बक्सा उठाकर अपने साथ ले गए। चोरी से पहले चोरों ने घर के एक कमरे को बाहर से बंद कर दिया था, जिसमें बाबूलाल मीणा का पुत्र चेतराम, उसकी पत्नी और उनकी छोटी बेटी सो रही थी। रात करीब 1:30 बजे चेतराम की पत्नी की नींद खुली तो उसने खिड़की से देखा कि दो युवक एक बक्सा उठाकर घर से बाहर ले जा रहे हैं। इसके बाद चेतराम ने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। कमरे की कुंडी खुलवाकर ग्रामीणों की मदद से चोरों का पीछा किया गया, लेकिन घना कोहरा होने के कारण चोर फरार होने में सफल रहे।
सुबह के समय गांव से करीब 500 मीटर दूर खेतों में खाली बक्सा पड़ा मिला। पुलिस मौके पर पहुंची और चोरो की तलाश कर रही है।


