बाईपास तक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पिछले एक सप्ताह में बस स्टैंड बाईपास, पठ्ठापुरा और उनाव रोड पर तीन हत्याओं के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे थे, जिसके चलते दबाव में आकर पुलिस सड़क पर उतरी। वहीं हत्याओं और बढ़ते अपराध को लेकर कांग्रेस आज एसपी कार्यालय का घेराव करेगी। पुलिस ने देर रात तक चेकिंग की
गुरुवार को कोतवाली थाना पुलिस ने राजगढ़ चौराहे पर मोर्चा संभाला। टीआई धीरेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में बिना नंबर प्लेट, बिना हेलमेट और संदिग्ध वाहनों को रोका गया। हर वाहन की जांच की गई और पहचान पत्र व कागजात देखे गए। कई लोग फोन लगवाकर बचने की कोशिश करते दिखे, लेकिन पुलिस ने किसी को नहीं छोड़ा। इसी दौरान एसडीओपी आकांक्षा जैन भी मौके पर पहुंचीं और नियम तोड़ने वालों को सख्त चेतावनी दी। चेकिंग में कई नाबालिग वाहन चलाते पकड़े गए, जिनके वाहन जब्त कर परिजनों को बुलाया गया। इसी तरह बाईपास और उनाव रोड पर भी पुलिस सक्रिय रही। सिविल लाइन थाना प्रभारी वैभव गुप्ता ने अपनी टीम के साथ वहां वाहन जांच की और नियम तोड़ने वालों के चालान बनाए गए। संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए वाहनों की तलाशी भी ली गई। इधर, बढ़ते अपराधों को लेकर राजनीति भी गरमा गई पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दतिया विधायक, कलेक्टर और एसपी पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। जवाब में विधायक राजेंद्र भारती ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। वहीं कांग्रेस ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन की घोषणा की है। सर्वसमाज ने भी हत्याओं के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।


