दतिया के भांडेर थाना अंतर्गत क़ाज़ी पाठा मोहल्ले में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने बुजुर्ग दंपति पर हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, छक्कीलाल रजक अपनी पत्नी और बेटियों के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब 1 बजे तीन अज्ञात चोर घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे और चोरी की कोशिश करने लगे। शोर सुनकर बुजुर्ग दंपति जाग गए और चोरों को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। सिर और शरीर पर चोट हमले में दंपति के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के दौरान चोरों ने दंपति की बेटियों के कमरे को बाहर से बंद कर दिया, जिससे वे बाहर नहीं आ सकीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी कोमल परिहार ने बताया कि घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र में चोरों की तलाश तेज कर दी है। इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल वारदात के बाद इलाके में लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों दिखाई दे रहे हैं। पुलिस पूछताछ में लगी है और शुरुआती जांच में चोरी की नीयत से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।


