दतिया में जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में रविवार को किला चौक पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह धरना कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक दांगी के नेतृत्व में मनरेगा बचाओ, देश बचाओ, रोजगार बचाओ के नारे के साथ किया गया। धरना प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी ने कहा कि केंद्र में बैठी भाजपा सरकार लगातार जनहित की योजनाओं को कमजोर कर रही है। मनरेगा जैसी योजना, जो गरीब, मजदूर और ग्रामीणों के लिए जीवनरेखा है, उसे समाप्त करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर घट रहे हैं और महंगाई चरम पर है, लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही। दांगी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आम जनता के अधिकारों को छीनने का काम कर रही है, जबकि कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर जनता की आवाज बन रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा को बचाना केवल एक योजना को बचाना नहीं, बल्कि देश के गरीब और मजदूर वर्ग का भविष्य सुरक्षित करना है। धरना प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मनरेगा के बजट में कटौती को वापस लेने की मांग की। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनविरोधी नीतियां नहीं बदलीं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


