दतिया में अब सर्दी ने धीरे-धीरे दस्तक देनी शुरू कर दी है। दिसंबर की शुरुआत से जिस कड़ाके की ठंड का लोगों को इंतजार था, वह अब तक पूरी तरह महसूस नहीं हो सकी थी, लेकिन अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सोमवार सुबह जिले में कोहरे की शुरुआत हुई, जिससे दृश्यता घटकर 500 से 1000 मीटर के बीच रह गई। सुबह के समय सड़कों पर वाहन चालकों को खासा सतर्क रहना पड़ा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार सुबह 8:30 बजे दतिया में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिसंबर के शुरुआती दो सप्ताह में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर ही बना रहा और यह 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गया। इसी कारण अब तक ठिठुराने वाली सर्दी का एहसास नहीं हो सका। हालांकि, अब कोहरे की शुरुआत के साथ संकेत मिलने लगे हैं कि आने वाले दिनों में ठंड का असर बढ़ेगा। पिछले 6 दिनों से रात का तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार सर्दी का असर कम रहने की मुख्य वजह राजस्थान की ओर से आने वाली बर्फीली हवाओं का मालवा क्षेत्र की तरफ मुड़ जाना है। इसके चलते दतिया में ठंड का प्रभाव अपेक्षाकृत कमजोर रहा। बीते छह दिनों से दतिया का रात का तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच ही बना हुआ है, जबकि दिन के तापमान में हल्की गिरावट जरूर दर्ज की गई है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक सौरभ शर्मा का कहना है कि 17 दिसंबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इस बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा। ग्वालियर-चंबल संभाग सहित दतिया जिले में ठंड बढ़ने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिक शर्मा के अनुसार,पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद ठंडी हवाएं क्षेत्र की ओर रुख करेंगी,जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। अगले दो दिन साफ रहेगा मौसम
अनुमान है कि 20 दिसंबर के बाद दतिया में ठिठुराने वाली सर्दी का दौर शुरू हो सकता है। फिलहाल अगले दो दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन इसके बाद ठंड का असर धीरे-धीरे तेज होगा।ऐसे में लोगों को गर्म कपड़ों का इस्तेमाल बढ़ाने और सुबह-शाम सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


