दतिया में दुरसड़ा थाना अंतर्गत रजोरा गांव में रविवार को एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। घटना की जानकारी देर रात तब हुई, जब वह घर नहीं लौटा। सोमवार दोपहर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान गंगाराम (55) पिता सुकन कुशवाहा निवासी रजोरा के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार, किसान रविवार दोपहर करीब एक बजे अपने खेत पर मोटर पम्प से फसल की सिंचाई करने गया था। इसी दौरान मोटर पम्प के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आ गया। रात तक गंगाराम के वापस न आने पर परिजन उसे खोजते हुए खेत पहुंचे, जहां वह मोटर पम्प के पास मृत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।


