दतिया में पण्डोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुरा दबोह में रविवार को खेत में सिंचाई के दौरान करंट लगने से एक युवा किसान की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने सोमवार दोपहर शव का पीएम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय शैलेन्द्र पाल पुत्र महेंद्र सिंह पाल, निवासी ग्राम पुरा दबोह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शैलेन्द्र पाल गांव के उसर वाले खेत में मोटर पम्प चलाकर पानी देने गया था। दोपहर करीब ढाई बजे परिजनों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल फोन नहीं उठा। चिंतित होकर जब परिजन खेत पर पहुंचे तो शैलेन्द्र पाल मोटर पम्प के पास बिजली के तारों के पास अचेत अवस्था में पड़े मिले। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई हरिओम पाल ने बताया कि शैलेन्द्र शादीशुदा था और उसका एक छोटा बच्चा भी है। वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलने पर पण्डोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सोमवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम कराए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।


