दतिया जिले के इंदरगढ़ थाना अंतर्गत ररुआ गांव के स्कूल के पास शुक्रवार शाम एक सड़क हादसा हुआ। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मृतक की पहचान छिकाऊ गांव के मुरारी शर्मा (62) के रूप में हुई है। वे इंदरगढ़ में अपने रिश्तेदार के कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। ररुआ गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से पुलिस ने बुजुर्ग को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार दोपहर पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। अज्ञात वाहन की तलाश जारी पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।


