दतिया में घना कोहरा, विजिबिलिटी 50 मीटर:कोल्ड डे का असर जारी, खेती पर पाले का खतरा

दतिया में शुक्रवार की सुबह घने कोहरे और तेज ठंड के साथ हुई। कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता घटकर करीब 50 मीटर रह गई, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। हल्की लेकिन ठंडी हवाओं ने ठंड का असर और बढ़ा दिया। मौसम के असर से दतिया में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड और कोहरे को देखते हुए लोग सुबह देर तक घरों में ही रहे। सड़कों पर भी आवाजाही कम दिखाई दी। भोपाल मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक एच.एस. पांडेय के अनुसार फिलहाल कोई मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। उत्तर दिशा से ठंडी और बर्फीली हवाएं लगातार आ रही हैं। इसी वजह से अगले दो दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इस दौरान कोहरा और कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रह सकती है। 11 जनवरी से मिल सकती है राहत मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल तापमान इससे ज्यादा नीचे नहीं जाएगा। 11 जनवरी के बाद मौसम धीरे-धीरे साफ होने की संभावना है, जिससे ठंड और कोहरे से कुछ राहत मिल सकती है। खेती पर पाले का खतरा शहरी इलाकों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का असर ज्यादा है। कृषि विभाग ने मसूर, सरसों, चना, तुअर और सब्जी फसलों में पाले का खतरा बताया है। किसानों को सलाह दी गई है कि यदि तापमान 5 डिग्री या उससे नीचे जाए तो पाले की संभावना बढ़ जाती है। धुआं और सिंचाई से बचाव के उपाय कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि खेतों के चारों ओर धुआं करें, इससे पाले का असर कम होता है। साथ ही रात के समय बोरवेल से हल्की सिंचाई करने से मिट्टी का तापमान 0.5 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ जाता है, जिससे फसल को नुकसान से बचाया जा सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *