दतिया में ज्वेलरी शॉप से 20 लाख की चोरी:दो महिलाएं बच्चे के साथ आईं, दुकान से गहने चुराकर फरार, CCTV में कैद

दतिया में इंदरगढ़ कस्बा में गिरधारी मार्केट स्थित मां शीतला ज्वेलर्स दुकान से मंगलवार शाम चोरी की एक वारदात सामने आई है। ज्वैलरी खरीदने के बहाने आईं दो महिलाएं, जिनके साथ करीब तीन साल का एक बच्चा भी था, दुकान से करीब 200 ग्राम सोने के जेवरातों से भरा बॉक्स बड़ी ही सफाई से चोरी कर फरार हो गईं। चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो बुधवार रात सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। सीसीटीवी में कैद हुई घटना
गिरधारी मार्केट स्थित मां शीतला ज्वेलर्स के संचालक नरेश तिवारी की दुकान पर मंगलवार शाम दो महिलाएं जेवरात देखने के लिए पहुंचीं। दुकानदार द्वारा सोने के जेवरातों से भरा बॉक्स दिखाने के दौरान महिलाएं ध्यान भटकाने में सफल रहीं और मौके का फायदा उठाकर बॉक्स गायब कर दिया। कुछ देर बाद जब दुकानदार ने बॉक्स की छानबीन की तो वह गायब मिला। इसके बाद आसपास महिलाओं की तलाश की गई, लेकिन वे मौके से फरार हो चुकी थीं। घटना की सूचना मिलने पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें दोनों महिलाओं की तस्वीरें स्पष्ट रूप से सामने आई हैं। 20 लाख के गहने चोरी
चोरी गए सोने की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है। पीड़ित दुकानदार नरेश तिवारी ने इंदरगढ़ थाने में आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना प्रभारी गौरव शर्मा ने बताया कि, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की तलाश कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *