दतिया में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़:जिले में दो दिन में दूसरी ऐसी घटना; असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की मांग

दतिया में कोतवाली थाना अंतर्गत अशोक सम्राट कॉलोनी में स्थापित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का खुलासा बुधवार शाम करीब 4 बजे उस समय हुआ, जब कॉलोनीवासियों ने प्रतिमा की हालत बिगड़ी देखी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। वहीं प्रशासन की ओर से फिलहाल क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित किए जाने की बात कही गई है, ताकि क्षेत्र में शांति बनी रहे। आरोपियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की मांग
गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। जिले में बीते दो दिनों के भीतर यह दूसरी घटना है। इससे पहले छता गांव में भी डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने का मामला सामने आया था, जिससे सामाजिक सौहार्द को ठेस पहुंची है। इस मामले को लेकर भीम आर्मी के नेता लोकेंद्र ने कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि जिले में लगातार डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अन्य आपराधिक घटनाओं का पुलिस खुलासा करती है, उसी तरह इस घटना में भी जल्द आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *