दतिया में कोतवाली थाना अंतर्गत रानीपुरा मोहल्ले में पैसे के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद रविवार रात हिंसक रूप ले गया। आरोपियों ने एक युवक के साथ मारपीट की, फायरिंग की और बाद में उसके घर में आग लगा दी, जिससे घर में रखा सारा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्याज समेत रुपए लौटाने के बाद भी और रुपए मांगे
रानीपुरा निवासी मंगल रावत पुत्र रामबाबू रावत (45) ने पुलिस को बताया कि, उसने संजू रावत पुत्र मुन्ना रावत निवासी बंगर की हवेली से 10 हजार रुपये लिए थे, जिसके बदले वह 40 हजार रुपये ब्याज सहित लौटा चुका है। इसके बावजूद रविवार रात करीब 9 बजे संजू रावत, रज्जू कोरी और उनके साथियों ने घर पहुंचकर उसके साथ मारपीट की और फायरिंग कर दी। एफआईआर दर्ज
घटना के बाद मंगल रावत अपने परिवार के साथ एफआईआर दर्ज कराने कोतवाली थाने पहुंचा। इसी दौरान आरोपी दोबारा उसके घर लौटे, मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और आग लगा दी। आगजनी में घर का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से खाली कारतूस भी जब्त किए हैं। कोतवाली थाना प्रभारी टीआई धीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


