दतिया में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बीते कुछ दिनों की हल्की राहत के बाद ठंड ने दोबारा जोर पकड़ लिया है। बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी के चलते शनिवार-रविवार की दरमियानी रात न्यूनतम तापमान गिरकर 5.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रविवार सुबह भी न्यूनतम तापमान 7.4 से 7.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। ठंड बढ़ने से लोग एक बार फिर गर्म कपड़ों में नजर आए। रविवार सुबह आसमान में हल्के बादल छाए रहे। सूर्य देव हल्की धूप के साथ दिखाई दिए, लेकिन 5 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही उत्तरी हवाओं के कारण ठंड का असर कम नहीं हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, 26 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके असर से 27 और 28 जनवरी को दतिया सहित आसपास के इलाकों में बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना है। बादल छाए रहने से रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है, वहीं दिन का तापमान भी सामान्य से नीचे बना रह सकता है। किसानों के लिए फायदेमंद है यह मौसम मौसम के इस बदले मिजाज को किसानों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है। बारिश और ठंडक से गेहूं, चना और सरसों जैसी रबी फसलों को लाभ मिलेगा। खेतों में नमी बढ़ने से फसलों की ग्रोथ बेहतर होने की उम्मीद है और सिंचाई की जरूरत भी कुछ हद तक कम हो सकती है। बीपी-शुगर के मरीज रखें खास ख्याल मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञ डॉ. हेमंत जैन ने बताया कि मौसम में बार-बार हो रहा बदलाव स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक होता है। इस दौरान सर्दी, खांसी, जुकाम और वायरल संक्रमण की शिकायतें बढ़ रही हैं। उन्होंने सलाह दी है कि लोग ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों की पतली लेयर पहनें। सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतें और बच्चों व बुजुर्गों का खास ध्यान रखें। धूप निकलने के बाद ही घूमने जाएं। शुगर और ब्लड प्रेशर के मरीज अपनी सेहत का ख्याल रखें।


