दतिया में गोराघाट थाना अंतर्गत हाईवे पर सिंध नदी किनारे दो दिन पहले मिले शव की शिनाख्त हो गई है। मृतक की पहचान झांसी निवासी हंस राज वर्मा (35) पिता रामसिंह वर्मा के रूप में हुई। शिनाख्त के बाद मामले में हत्या की आशंका गहराती जा रही है। परिजनों के मुताबिक, हंस राज 4 फरवरी को झांसी से ग्वालियर अपने फूफा के यहां जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए निकला था। लेकिन अगले दिन वह घर वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजन झांसी के सदर थाना पहुंचे। इस दौरान उन्हें जानकारी मिली कि दतिया जिले के गोराघाट थाना क्षेत्र में एक शव बरामद हुआ है। पुलिस द्वारा जब परिजनों को शव की फोटो दिखाई गई, तो उन्होंने हंस राज के रूप में उसकी शिनाख्त की। गौरतलब है कि शव की पहचान न होने के कारण पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराते हुए शव को दफना दिया था। बाद में शिनाख्त होने पर शव को बाहर निकलवाकर परिजनों को सौंपा गया। गला दबाकर हत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार, मृतक की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी आना बाकी है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतक की जेब से झांसी से ग्वालियर का ट्रेन टिकट मिला था। ऐसे में ग्वालियर से दतिया कैसे पहुंचा, यह जांच का विषय बना हुआ है। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की कड़ी से कड़ी जोड़ने में जुटी है। प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ होने की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस संभावित आरोपियों की तलाश कर रही है। एएसपी सुनील कुमार शिवहरे ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


