दतिया में थरेट थाना क्षेत्र के गांव पिपरुआ में 20 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक का नाम अनिल कुशवाहा है। घटना रविवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। अनिल ने घर के कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर पंखे के कुंदे से लटककर जान दे दी। घटना के वक्त घर में केवल उसकी बुजुर्ग दादी मौजूद थीं, जबकि अन्य परिजन बाहर गए हुए थे। परिजनों के लौटने पर घटना का खुलासा हुआ। बताया गया है कि मृतक मजदूरी करता था और पहले पंजाब में रहकर गोलगप्पे का ठेला संचालित करता था। मृतक के बड़े भाई अशोक कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि अनिल का गांव की ही एक शादीशुदा महिला से प्रेम प्रसंग था। महिला का पति इस बात को लेकर अनिल को धमकी दे रहा था। इसी प्रताड़ना के चलते अनिल पिछले तीन दिनों से घर से बाहर निकलना भी बंद कर दिया था और मानसिक रूप से काफी परेशान था। परिजनों का आरोप है कि लगातार धमकियों से तंग आकर अनिल ने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर सोमवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।


