दतिया में पश्चिम दिशा से चल रही सर्द हवाओं ने एक बार फिर ठंड का असर बढ़ा दिया है। बुधवार रात से मौसम में आए बदलाव के बाद दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को दिन में भी ठंड का अहसास होने लगा है। हवाओं की दिशा उत्तर-पूर्व से बदलकर पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हो गई, जिसका सीधा असर तापमान पर पड़ा। 7 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान
दिसंबर के अंतिम सप्ताह की शुरुआत में जहां तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ था, वहीं अब पारा तेजी से नीचे खिसक गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गुरुवार सुबह से ठंडी हवाएं चलनी शुरू हुईं। न्यूनतम तापमान में करीब साढ़े तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और यह घटकर लगभग 7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से नीचे है। वहीं अधिकतम तापमान भी गिरकर करीब 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहाड़ों से आ रही हवाओं ने बढ़ाई ठंडक
हवाओं की रफ्तार भले ही करीब 4.5 किलोमीटर प्रति घंटा रही, लेकिन ठंडी हवा होने के कारण इसका असर ज्यादा महसूस किया गया। सुबह के समय लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए और बाजारों व सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल दिखाई दी। दिन चढ़ने के साथ जब धूप तेज हुई तो लोगों को कुछ राहत मिली। कई लोग घरों की छतों और खुले स्थानों में धूप सेंकते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है। नए साल की शुरुआत के साथ कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि यह मौसम रबी फसलों के लिए अनुकूल माना जा रहा है, जिससे गेहूं, चना और सरसों के उत्पादन में बढ़ोतरी की उम्मीद है।


