दतिया में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। हत्या के मामले में सजा पा चुका एक व्यक्ति खुलेआम हर्ष फायरिंग करता नजर आया। इसका वीडियो रविवार को सामने आया। बताया जा रहा है कि वीडियो करीब 4 महीने पुराना है। जानकारी के अनुसार आरोपी हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर है। बताया जा रहा है कि वह सिविल लाइन थाना क्षेत्र में अपनी धाक जमाने के लिए हर्ष फायरिंग कर रहा था। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में डर का माहौल बन गया है। हत्या के मामले में दोषी
हर्ष फायरिंग करने वाला व्यक्ति वार्ड क्रमांक-1 का भाजपा पार्षद रामकुमार उर्फ कल्लू कुशवाहा बताया जा रहा है। वह पहले हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा पा चुका है और करीब तीन महीने से जमानत पर बाहर है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी की जमानत रद्द करने और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों से शहर की कानून-व्यवस्था पर बुरा असर पड़ता है। मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शिवहरे ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


