दतिया में 5 दिसंबर के बाद बढ़ेगी ठंड:किसानों को सलाह- बढ़ती नमी से फसलों में रोगों की आशंका, डेली देखरेख जरूरी

जिले में मौसम एक बार फिर बदल गया है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 1 डिग्री बढ़कर 27.0 सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 11.4 सेल्सियस पर स्थिर रहा। सुबह की नमी 93% तक दर्ज की गई, जो दोपहर बाद घटकर 40% रह गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक दिन में हल्की गर्माहट और रात में हल्की ठंड का दौर बने रहने की संभावना है। 5 दिसंबर के बाद उत्तरी हवा तेज होने पर ठंड बढ़ेगी। सुबह के समय हल्की धुंध छाई थी मंगलवार को आसमान पूरी तरह साफ रहा। हवा की गति औसतन 1.5 किमी प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई। सुबह हवा की दिशा दक्षिण-पूर्व रही, जबकि दोपहर में रुख उत्तर-पश्चिमी हो गया। सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरे के हल्के कण देखने को मिले, लेकिन दिन चढ़ते ही मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क हो गया। चना और सरसों को हल्का पानी दे सकते किसान विभाग के अनुसार, फिलहाल बरसात की कोई संभावना नहीं है और तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव ही रहेगा। मौसम शुष्क रहने से रबी फसलों गेहूं, चना और सरसों को जरूरत के अनुसार हल्की सिंचाई की आवश्यकता रहेगी। बढ़ती नमी के कारण रोगों की आशंका भी बनी रहती है, इसलिए खेतों का नियमित निरीक्षण जरूरी बताया गया है। फसलों में तवा छिड़काव भी जरूरी गेहूं की फसल में इस समय खरपतवार नियंत्रण बेहद उपयुक्त माना गया है। वहीं सरसों में एफिड कीट दिखाई देने की संभावना बढ़ती है, ऐसे में किसान अनुशंसित दवाओं का छिड़काव कर सकते हैं। पशुपालकों को सलाह दी गई है कि सुबह-शाम तापमान में गिरावट के चलते पशुओं को ठंड से बचाने के इंतजाम करें। खेतों में नमी संरक्षण के लिए मेड़ों को मजबूती से बनाए रखने की भी जरूरत बताई गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिन के तापमान में मामूली वृद्धि अभी जारी रह सकती है, लेकिन जैसे ही उत्तर से आने वाली ठंडी हवा प्रभावी होगी, जिले में एक बार फिर तेज सर्दी लौटेगी। अगले सप्ताह से पारा तीन से चार डिग्री तक गिरने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *