दतिया मेडिकल कॉलेज में आउटसोर्स कर्मचारियों का प्रदर्शन:तीन माह से वेतन न मिलने पर जताया आक्रोश

दतिया मेडिकल कॉलेज में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को बीते लगभग तीन माह से वेतन नहीं मिलने के कारण आक्रोश फैल गया है। वेतन संकट से परेशान कर्मचारियों ने शनिवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शन में करीब आधा सैकड़ा से अधिक आउटसोर्स कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने पहले मेडिकल कॉलेज के डीन से कई बार निवेदन किया, इसके बाद कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपा गया। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों के सामने रोजमर्रा के खर्च और परिवार के पालन-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। डीन पर तानाशाही रवैये का आरोप
आउटसोर्स कर्मचारियों ने मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. दीपक सिंह पर तानाशाही रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र वेतन भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कर्मचारियों की समस्या को गंभीर बताते हुए उचित कार्रवाई और जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *