दमोह शहर के शासकीय पीएमश्री कॉलेज में शुक्रवार दोपहर एम.एससी थर्ड सेमेस्टर बॉटनी के एटीकेटी पेपर के दौरान एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया। युवक अपने भाई की जगह परीक्षा देने पहुंचा था। कॉलेज प्रबंधन ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना देकर उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। एडमिट कार्ड की फोटो से मिलती-जुलती थी शक्ल परीक्षा रूम नंबर 25 में चल रही थी। प्राध्यापक डॉ. सविता जैन ने बताया कि जगदीश काछी की जगह उसका भाई भरत पटेल परीक्षा देने बैठा था। उसकी शक्ल एडमिट कार्ड में लगी तस्वीर से मिलती-जुलती थी, जिससे पहले नजर में उसे पहचानना मुश्किल था। कुछ देर बाद बॉटनी के शिक्षक सुमन सर कक्षा में पहुंचे और उन्होंने तुरंत फर्जी परीक्षार्थी को पहचान लिया। जानकारी प्राचार्य आलोक जैन को दी गई, जिसके बाद आरोपी को कक्षा से बाहर बुलाया गया। देखें घटना की 3 तस्वीरें… पैन कार्ड से उजागर हुई असली पहचान जब छात्र से पहचान पत्र मांगा गया तो उसने पैन कार्ड प्रस्तुत किया, जिसमें उसका नाम भरत पटेल लिखा था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह मगरोन गांव का रहने वाला है और अपने भाई जगदीश की जगह पेपर देने आया था। प्रबंधन ने थाने में दर्ज कराई शिकायत घटना की जानकारी मिलते ही प्राचार्य ने कोतवाली पुलिस को आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। पहले भी पकड़ा जा चुका प्राध्यापक डॉ. सविता जैन ने बताया कि भरत इससे पहले भी एक दूसरे साथी की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ा जा चुका है। इस बार भी वह अपने भाई की जगह फर्जी तरीके से बॉटनी का पेपर हल करने पहुंचा था। कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया- आरोपी छात्र से पूछताछ की जा रही है और प्राचार्य के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस उस छात्र से भी पूछताछ करेगी, जिसकी जगह यह ‘मुन्ना भाई’ परीक्षा देने पहुंचा था।


