दमोह जिले के मडियादो थाना क्षेत्र के पाटन गांव के पास गुरुवार दोपहर ईंटों से भरा एक ट्रक स्टेयरिंग फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर घाटी में पलट गया। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई और छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छतरपुर जिले के मड़देवरा थाना बक्सवाहा से ईंटें भरकर आ रहे इस ट्रक में चालक सहित कुल सात लोग सवार थे। मडियादो थाना क्षेत्र के पाटन गांव के पास एक लंबी घाटी पर ट्रक का स्टेयरिंग अचानक फेल हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 15 फीट गहरी घाटी में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मडियादो ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को हटा रेफर कर दिया गया। इस दुर्घटना में कमला आदिवासी नामक महिला की मौत हो गई। घायलों में चेतराम आदिवासी, रामकरण निषाद, भगवानदास आदिवासी, मूलचंद आदिवासी, पन्ना लाल आदिवासी और पप्पू आदिवासी शामिल हैं। ये सभी छतरपुर जिले के मड़देवरा थाना बक्सवाहा के निवासी हैं। ट्रक चालक रामकरण निषाद ने बताया कि घाटी पर स्टेयरिंग पूरी तरह से नहीं मुड़ पाया, जिसके कारण ट्रक अनियंत्रित होकर घाटी में पलट गया।


