दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक कंटेनर अनियंत्रित होकर नाली में पलट गया। इस हादसे में दो मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो कार और दो बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाला। जानकारी के अनुसार, कंटेनर क्रमांक PB05 Y9297 रायपुर से लोहा लेकर पंजाब जा रहा था। सागर-जबलपुर स्टेट हाईवे क्रमांक 15 पर तेंदूखेड़ा की विद्यानगर बस्ती के पास सड़क पर अचानक मवेशी आ गए। इन्हें बचाने के प्रयास में कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में गोविंद ठाकुर और रतन जैन की कारें तथा दो मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं। सड़क पर खड़े दो आवारा मवेशियों की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई। कंटेनर चालक करण वीर सिंह ने बताया कि मवेशियों के अचानक सामने आने के कारण कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। सूचना मिलते ही तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी रविंद्र बागरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित किया। कंटेनर को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, तेंदूखेड़ा नगरीय क्षेत्र के अंदर कहीं भी स्पीड ब्रेकर नहीं बने हैं, जिसके कारण ऐसी घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। गनीमत रही कि यह हादसा किसी बड़े रिहायशी इलाके में नहीं हुआ, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी। कंटेनर चालक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि अन्य किसी व्यक्ति को कोई गंभीर चोट नहीं लगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


