दमोह की तेजगढ़ पुलिस ने सागोनी के जंगल में मिले शव की गुत्थी सुलझाते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया है। फ्यूजन फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट विनोद अहिरवार की हत्या महज एक लाख रुपए लूटने के इरादे से की गई थी। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी गोविंद आदिवासी को गिरफ्तार किया है। किस्त देने के लालच में बुलाकर मारा जांच में सामने आया कि आरोपी गोविंद की मां ने फाइनेंस कंपनी से लोन लिया था, जिसकी किस्त वसूलने विनोद अक्सर उनके घर आता था। 27 जनवरी को आरोपी ने साजिश के तहत विनोद को फोन कर उमरघाट बुलाया। उसने झांसा दिया कि वह अपनी मां के लोन की दूसरी किस्त भी चुकाना चाहता है। विनोद किस्त मिलने की उम्मीद में वहां पहुंच गया, जिसके बाद आरोपी उसे अपनी बाइक पर बैठाकर सागोनी के जंगल की ओर ले गया। पत्थर से कुचला सिर और पैसे लेकर भागा जंगल के सुनसान इलाके में पहुंचते ही आरोपी गोविंद ने विनोद पर हमला कर दिया। उसने पत्थर से सिर कुचलकर विनोद की हत्या कर दी और उसके पास मौजूद कलेक्शन के एक लाख रुपए लेकर फरार हो गया। 28 जनवरी की सुबह विनोद का शव लहूलुहान हालत में पत्थरों के बीच दबा मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। लूट की रकम और नया मोबाइल बरामद तेंदूखेड़ा एसडीओपी अर्चना अहीर ने बताया कि आरोपी के पास से लूटे गए एक लाख रुपए में से 80 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। आरोपी ने लूट के पैसों से एक नया मोबाइल भी खरीद लिया था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। साथ ही मृतक का मोबाइल भी आरोपी के पास से मिला है। साइबर सेल की मदद से पकड़ाया मामले में पुलिस कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर उमरघाट निवासी गोविंद तक पहुंची। कड़ी पूछताछ में वह टूट गया और पूरी कहानी बताई। इस कार्रवाई में तेजगढ़ थाना पुलिस और इमलिया चौकी पुलिस का विशेष योगदान रहा। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है। यह खबर भी पढ़ें… बैंककर्मी को पत्थर पटककर मार डाला:दमोह में चरवाहे ने जंगल में देखा शव; परिजन बोले- कलेक्शन के 1 लाख रुपए लूटकर गोली मारी दमोह के तेजगढ़ इलाके में बुधवार शाम एक फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट की हत्या हो गई। शव सागोनी के जंगल में मिला। शव देखकर लग रहा था जैसे पत्थरों से कुचलकर हत्या की गई है। हालांकि परिजन का कहना है कि लूट के इरादे से गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर


