दमोह-जबलपुर मार्ग पर स्टेडियम के पास नगर पालिका ने सड़क किनारे से अवैध अतिक्रमण हटा दिया है। यह कार्रवाई 700 मीटर लंबे नाले के निर्माण के लिए की गई है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को सुधारना है। लंबे समय से यहां सड़क किनारे टपरे लगाकर दुकानें संचालित की जा रही थीं। इन अवैध कब्जों के कारण सड़क पर भीड़भाड़ रहती थी और आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती थीं। रविवार दोपहर नगर पालिका की टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान कई स्थानीय दुकानदार स्वयं ही अपने टपरों को हटाकर अन्य स्थानों पर ले जाते दिखे। दुकानदारों ने अपनी रोजी-रोटी छिन जाने और परिवार पर आर्थिक संकट आने की चिंता व्यक्त की। 700 मीटर तक होगा निर्माण यह 700 मीटर लंबा नाला किल्लाई नाके तक बनाया जाएगा। इसके निर्माण से बारिश के दिनों में पानी की निकासी सुगम होगी और लोगों को जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी। नाले के निर्माण के लिए जेसीबी द्वारा खुदाई का काम शुरू कर दिया गया है।


