केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट की जानकारी देने के लिए रविवार को वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार और राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि दमोह पहुंचे। भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान उन्होंने बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इसमें प्रधानमंत्री की दूरगामी सोच और आम आदमी के कल्याण का रोडमैप साफ दिखाई देता है। टैक्स में राहत और स्वास्थ्य पर फोकस सांसद सुमित्रा बाल्मीकि ने बजट की बारीकियों पर चर्चा करते हुए कहा कि सरकार ने मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी है। अब 12 लाख रुपए तक की सालाना आय पर कोई नया टैक्स नहीं लगाया गया है, जिससे नौकरीपेशा लोगों की बचत बढ़ेगी। इसके साथ ही, स्वास्थ्य के क्षेत्र में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए 17 प्रकार की जीवन रक्षक दवाओं से टैक्स हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि अक्सर गंभीर बीमारियों के महंगे इलाज के कारण गरीब परिवार कर्ज में डूब जाते हैं, जिसे देखते हुए सरकार ने दवाओं को सस्ता करने का ऐतिहासिक कदम उठाया है। युवा, किसान और महिलाओं के लिए खास प्रावधान राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने बजट को ‘अन्नदाता’ और ‘युवा शक्ति’ को समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा और किसानों के भरोसे को और मजबूत करेगा। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी बजट में विशेष आर्थिक प्रावधान किए गए हैं। मंत्री ने जोर देकर कहा कि आम आदमी के दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर कोई टैक्स नहीं बढ़ाया गया है, जिससे महंगाई पर लगाम लगेगी और देश समृद्धि की ओर बढ़ेगा। यूजीसी के सवाल पर साधी चुप्पी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया कर्मियों ने यूजीसी से जुड़े विवादों पर सवाल पूछा। इस सवाल पर मंत्री और सांसद कोई सीधा जवाब देने के बजाय मुस्कुराते हुए उसे टाल गए। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। नेताओं ने अंत में विश्वास जताया कि यह बजट भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।


