दमोह शहर में शनिवार रात नगर पालिका ने बिजली के खंभों और पेड़ों पर लगे अवैध होर्डिंग व फ्लैक्स हटाने की कार्रवाई की। यह अभियान स्वच्छता सर्वेक्षण 2026-27 के तहत शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य शहर की सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखना है। शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों की और से प्रचार-प्रसार के लिए बड़ी संख्या में अवैध होर्डिंग और फ्लैक्स लगाए गए थे। कई चौराहों पर तो एक ही जगह पर 50 से अधिक होर्डिंग देखे जा सकते थे, जिससे शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही थी। निर्देश नहीं माने तो सीएमओ ने रात में होर्डिंग हटवाए इस समस्या को देखते हुए, नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी ने पहले एक पत्र जारी कर लोगों को अपने अवैध होर्डिंग हटाने का निर्देश दिया था। जब इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया, तो सीएमओ स्वयं देर रात नगर पालिका की क्रेन मशीन की सहायता से इन्हें हटवाने के लिए निकले। सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि यह कार्रवाई स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि किसी व्यक्ति की ओर से इस प्रकार के अवैध फ्लैक्स या होर्डिंग लगाए जाते हैं, तो उन पर नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।


