दमोह जिले के तेंदूखेड़ा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक वृद्ध का शव सड़क किनारे मिला। शव डबल लॉक गोदाम के पास मिला। मृतक की पहचान खकरिया नरगुवा निवासी 65 वर्षीय उत्तम सिंह लोधी के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर तेज ठंड के कारण मौत की आशंका जताई जा रही है। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने दी सूचना सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सड़क पर शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही तेंदूखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर तेंदूखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। दोपहर में परिजन अस्पताल पहुंचे, इसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। रोज गांव से तेंदूखेड़ा आते थे बुजुर्ग मृतक के नाती जगदीश सिंह लोधी ने बताया कि उनके नाना उत्तम सिंह लोधी रोजाना गांव से तेंदूखेड़ा आते थे और शाम तक घर लौट जाते थे। गुरुवार रात वे घर नहीं पहुंचे थे, जिसके बाद सुबह उनकी मौत की खबर मिली। ठंड से अटैक आने की आशंका डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक ठंड के कारण वृद्ध को अटैक आने की संभावना है। आशंका जताई जा रही है कि वे रात में सड़क पर गिर गए होंगे और पूरी रात ठंड में पड़े रहने से शव अकड़ गया। प्रधान आरक्षक महेश ठाकुर ने बताया- शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


