दमोह में पहली बार बुंदेलखंड फिल्म फेस्टिवल और फिल्म पर्यटन समागम का आयोजन होने जा रहा है। यह समागम आगामी 10 और 11 जनवरी को आयोजित होगा, जिसमें कई फिल्म निर्माता और बॉलीवुड कलाकार शामिल होंगे। इस आयोजन के संबंध में शुक्रवार दोपहर पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने एक पत्रकारवार्ता आयोजित कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के आयोजक बुंदेलखंड फिल्म फेडरेशन और बुंदेलखंड कला संस्कृति मंच हैं, जिसमें मध्य प्रदेश शासन के पर्यटन विभाग का भी सहयोग रहेगा। मंत्री लोधी ने कहा कि सरकार पहली बार बुंदेलखंड की प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान कर रही है। इस समागम में फिल्म निर्माता, निर्देशक, ओटीटी प्लेटफॉर्म के प्रतिनिधि और मीडिया पार्टनर की सहभागिता से बुंदेलखंड को फिल्म निर्माण के केंद्र के रूप में विकसित करने की कार्य योजना तैयार की जाएगी। 7 जनवरी को आएंगे फिल्म निर्माता आगामी 7 से 9 जनवरी तक कई फिल्म निर्माता दमोह आएंगे, जो बुंदेलखंड के उन स्थानों का दौरा करेंगे जहां फिल्म निर्माण की अच्छी संभावनाएं हैं। इस आयोजन से स्थानीय बुंदेली भाषा की फिल्मों, शॉर्ट फिल्मों, वेब सीरीज, लोक संगीत और डिजिटल कंटेंट से जुड़े कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और अवसर प्राप्त होंगे। मध्य प्रदेश सरकार दमोह को फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के लिए कार्य कर रही है। इसके तहत फिल्म निर्माताओं को परमिशन प्रक्रिया, लॉजिस्टिक सपोर्ट, स्थानीय संसाधन और मानव संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। मंत्री धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि जिस तरह भोजपुरी फिल्में बनती हैं, उसी तरह उनका प्रयास है कि बुंदेलखंड में भी कई अच्छी फिल्मों का निर्माण किया जाए। इस अवसर पर पशुपालन मंत्री लखन पटेल के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजिता गौरव पटेल, रंग कर्मी राजीव अयाची, सतेंद्र सिंह लोधी और रश्मि जेता भी मौजूद रहे।


