दरा में 9.5 करोड़ की लागत से बनेगा अंडरपास:40 मीटर लंबा व 6 मीटर ऊंचा होगा, कोटा–झालावाड़ NH 52 पर जाम से छुटकारा मिलेगा

कोटा झालावाड़ NH 52 पर जाम से छुटकारा मिलेगा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने मौजूदा संकरी पुलिया के समानांतर एक अतिरिक्त सड़क अंडरपास के निर्माण का फैसला लिया है। इस परियोजना को केंद्र सरकार से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि जरूरी परमिशन मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा। नया अंडरपास आधुनिक तकनीकी मानकों के अनुसार लगभग 40 मीटर लंबा और करीब 6 मीटर ऊंचा होगा। जिससे भारी से भारी वाहन भी आसानी से गुजर सकें। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 9.5 करोड़ रुपए है। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद इसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अंडरपास के दोनों ओर संपर्क सड़क विकास भी किया जाएगा, जिससे मुख्य राजमार्ग से सीधा और सहज जुड़ाव हो सके। इस अंडरपास के बन जाने से दरा घाटी क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या करीब करीब खत्म हो जाएगी। कोटा से झालावाड़ व मध्यप्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों का सफर न केवल तेज़ और सुरक्षित होगा, बल्कि समय और पैसों की भी बचत होगी। बता दें मुकंदरा हिल्स के इस हिस्से में चार लेन चौड़ा राजमार्ग अचानक एक संकरे एक-लेन पुलिया में सिमट जाता है। जिस कारण भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान लंबा ट्रैफिक जाम, दुर्घटनाओं की आशंका व बरसात में जलभराव जैसी समस्याएं होती हैं। कई बार दो से 12 घंटे तक जाम की स्थिति बन जाती है। जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। अंडरपास के निर्माण से न केवल सड़क सुरक्षा में सुधार होगा, बल्कि सालों से चले आ रहे एक बड़े ट्रैफिक संकट का स्थायी समाधान भी होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *