क्रिसमस के अवसर पर दर्शक संस्था के सांगीतिक ग्रुप ‘स्वरमय’ की ओर से आयोजित कार्यक्रम ‘मेलोडियस ईवनिंग’ ने संगीत प्रेमियों को एक यादगार शाम दी। यह भव्य आयोजन राजापार्क स्थित ‘दी ब्लेसिंग्स’ ऑडिटोरियम में संगीत गुरु राजीव भट्ट के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम की परिकल्पना प्रख्यात गायिका रेखा भट्ट ने की। कार्यक्रम में 27 गायक-गायिकाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी। कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन गायकों में रेखा भट्ट, सुनीता नंदीवाल, स्वाति शर्मा, श्रेष्ठा सैनी, राजू सजनानी, उम्मेद नंदीवाल, नावोदिता, बिंदु डावर सलूजा, सुरेंद्र बीजावत, अदिति, डॉ. प्रभा, तेजस्विनी, विभा, प्रिया सिंह, और मनोहर पोपली जैसे नाम शामिल थे। गायकों का साथ देने के लिए वाद्ययंत्रों की उम्दा संगत की गई। एस. बबलू ने की-बोर्ड पर, सावन डांगी ने तबले पर, पावन डांगी ने ढोलक पर, और पवन बालोदिया ने गिटार पर बेहतरीन संगत कर महफिल में चार चांद लगाए। कार्यक्रम की समन्वयक प्रोमिला राजीव ने बताया कि ‘मेलोडियस ईवनिंग’ का उद्देश्य युवा और अनुभवी कलाकारों को एक मंच प्रदान करना था, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। इस आयोजन ने कलाकारों को नई प्रेरणा दी और श्रोताओं को संगीतमय अनुभव का आनंद लेने का अवसर। कार्यक्रम में मौजूद संगीत प्रेमियों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों को खूब सराहा। हर गीत के बाद तालियों की गड़गड़ाहट ने कलाकारों के उत्साह को और बढ़ा दिया।


