प्रतापगढ़ के दलोट कस्बे में चल रहे चार दिवसीय खेड़ापति हनुमानजी मेले में असामाजिक तत्वों ने शरारत की। रविवार रात करीब 1 बजे मेला स्थल पर रखे निर्माणाधीन रावण के पुतले में आग लगा दी गई। नगर पालिका द्वारा पहली बार आयोजित इस मेले में 15 अप्रैल को रावण दहन का कार्यक्रम रखा गया था। पुतले का बेसमेंट घास-फूस से बनाया गया था। इस कारण आग तेजी से फैली और पूरा पुतला जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही सालमगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर दोषियों की तलाश कर रही है। थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। मेला समिति ने रविवार शाम 4 बजे घटना की निंदा की। समिति ने कहा कि इस शरारत से मेले के उत्साह में कोई कमी नहीं आएगी। नया रावण पुतला तैयार करवाया जाएगा। नगर पालिका आयुक्त ललित सिंह ने बताया कि कार्यक्रम निर्धारित तिथि पर ही विधि-विधान से संपन्न होगा।


