दवा व्यवस्था व स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें: जैन

भास्कर न्यूज | नारायणपुर स्व. बद्रीनाथ बघेल जिला चिकित्सालय का कलेक्टर नम्रता जैन ने मंगलवार को औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नर्सिंग स्टेशन, मरीज परीक्षण कक्ष, महिला मेडिकल कक्ष, आपातकालीन कक्ष, आईसीयू कक्ष, डिलीवरी कक्ष, बाल चिकित्सा वार्ड, एनआरसी, गहन नवजात शिशु सुरक्षा इकाई, आइसोलेशन कक्ष, सर्जरी कक्ष, पुरुष सर्जिकल वार्ड, बेसिक टेस्ट कक्ष, हमर लैब और दवाई भंडार कक्ष का अवलोकन कर निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीएमएचओ डॉ. टीआर कुंवर और डिप्टी कलेक्टर सुनिल कुमार सोनपिपरे को निर्देशित किया कि मरीजों के स्वास्थ्य परीक्षण की रिपोर्ट ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाए, ताकि मरीजों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। औषधि भंडार के निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाइयों के व्यवस्थित रख-रखाव और एक्सपायरी दवाओं को तत्काल हटाकर विनिष्टीकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही, आयरन और विटामिन की गोलियां प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक नियमित रूप से पहुंचाने को कहा। इसके पश्चात उन्होंने हमर लैब में खराब पड़े फ्रिज को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए ताकि नमूनों और दवाओं की गुणवत्ता बनी रहे। उन्होंने हमर लैब के निरीक्षण कर मरीजों को दी जाने वाली दवाइयों की जानकारी ली। कलेक्टर ने एनआरसी में भर्ती बच्चों की माताओं से संवाद किया और भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने एएनएम को निर्देशित किया कि माताओं को बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन बनाने की विधि भी सिखाई जाए। कलेक्टर जैन ने आईसीयू, डिलीवरी कक्ष, बाल चिकित्सा वार्ड और डायलिसिस सेंटर का भ्रमण कर मरीजों का हालचाल जाना। बाल चिकित्सा वार्ड में ईरकभट्टी से प्रसव के लिए भर्ती हुई माता बुलीबाई पोटाई और कुकड़ाझोर के माता हेमलता से भी चर्चा कर नवजात शिशुओं को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *