छत्तीसगढ़ के मरवाही में पारिवारिक विवाद के चलते एक नाती ने अपनी दादी की हत्या कर दी। गुरुवार रात रहने-ठहरने की व्यवस्था को लेकर दोनों में विवाद हुआ। गुस्से में आकर बेंत लाल प्रजापति (30) ने परछी में खाट पर लेटी अपनी दादी जानकी प्रजापति (72) पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना मरवाही थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने आरोपी को उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मृतका के पुत्र तामसिंह प्रजापति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवार लंबे समय से आपसी विवादों से जूझ रहा था। 12 फरवरी 2025 को जब वृद्धा अपने छोटे पुत्र मोहन प्रजापति के घर पर थीं, तभी उनके नाती बेंत लाल प्रजापति ने विवाद के चलते उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। जांच में पता चला कि वह उज्जैन में काम करता था और घटना से दो दिन पहले ही गांव आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी भावना गुप्ता के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


