जीपीएम जिले के मरवाही थाना इलाके के दानीकुंडी गांव में एक बार फिर चोरों ने सेंध लगाई है। चोरों ने गांव के दो घरों को निशाना बनाया। संजू लकड़ा और लालचंद गुप्ता के घर में देर रात चोरी की कोशिश की गई। एक घर से चोरों को कुछ नहीं मिला। दूसरे घर में लोगों के जागने की वजह से चोर भाग गए। पिछले 18 महीनों में दानीकुंडी गांव में 7वीं बार सेंधमारी हो चुकी है। सभी चोरियों का पैटर्न एक जैसा है। चोर जंगल की तरफ बने घरों के पिछले दरवाजों से घुसते हैं। फिर जंगल की ओर भाग जाते हैं। चोरी की वारदात अक्सर शुक्रवार बाजार की रात को होती है। पहले हुई लाखों की चोरी के मामलों में अभी तक किसी चोर को पकड़ा नहीं जा सका है। लगातार हो रही सेंधमारी से ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि दानीकुंडी गांव चोरों का पसंदीदा निशाना बन गया है। मरवाही पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है।


