भास्कर न्यूज | जांजगीर ग्राम कुरियारी, शिवरीनारायण में प्रख्यात नागरिक व भूतपूर्व सैनिक, सरपंच तथा भाजपा नेता स्व. दामोदर प्रसाद पाण्डेय की प्रथम पुण्यतिथि 23 अगस्त 2025 को श्रद्धा एवं गरिमामय ढंग से मनाई गई। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्यजन, समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने स्व. पाण्डेय के ग्राम विकास में किए गए महत्वपूर्ण योगदान और पार्टी संगठन को मजबूत करने वाली भूमिका को याद किया। पुण्यतिथि आयोजन समिति के तत्वावधान में विभिन्न सामाजिक एवं विकासात्मक कार्यक्रमों की श्रृंखला भी शुरू की गई है। इस दौरान ग्राम कुरियारी के छात्र दक्ष कश्यप, जिन्होंने सैनिक स्कूल व नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की, उन्हें सम्मानित किया गया। समिति ने आगे भी हर वर्ष ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन तथा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, प्रतिभा सम्मान एवं ट्राईसाइकिल वितरण जैसी गतिविधियों को नियमित करने का संकल्प लिया है। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत कुरियारी में सामुदायिक मंगल भवन के निर्माण हेतु भूमि पूजन भी सम्पन्न हुआ, जिससे ग्रामीण सुविधाओं में वृद्धि होगी। भाजपा मंडल शिवरीनारायण के अध्यक्ष लोकेश शुक्ला, नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत, पार्षद एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे। इंजीनियर रवि पाण्डेय ने अपने भाषण में स्व. दामोदर प्रसाद पाण्डेय के ग्राम विकास एवं पार्टी कार्यों में योगदान को मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि पाण्डेय जी के पुत्र गण भी अपने पिता की यादों को संजोते हुए ग्राम के विकास में सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं। अंत में स्व. पाण्डेय के पुत्र विजय पाण्डेय और अजय पाण्डेय ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। ग्राम के सरपंच प्रतिनिधि मनोज कश्यप ने भी सभी का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन स्व. दामोदर प्रसाद पाण्डेय की यादों को सजीव रखने एवं ग्राम की समृद्धि के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।


