इंदौर के शीतलामाता बाजार में दिग्विजय सिंह के प्रदर्शन के बाद उनका विरोध तेज हो गया है। सोमवार रात में हिंदू महासभा ने दिग्विजय सिंह और राहुल गांधी का पुतला जलाया और उनके खिलाफ प्रदर्शन किया। हिंदू महासभा ने व्यापारियों का समर्थन किया। वहीं शीतला माता बाजार व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमा भैया पंजवानी ने भी पुतला दहन को समर्थन दिया। वहीं इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने शहर के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने की कोशिश की, वैमनस्यता फैलाने की कोशिश की, उन पर केस दर्ज होना चाहिए। पुष्यमित्र भार्गव ने पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के बयान पर भी आपत्ति ली है। कांग्रेस के गर्त में जाने का कारण मुस्लिम तुष्टिकरण
इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दिग्विजय सिंह पर हमला बोलते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह और कांग्रेस का गर्त में जाने का एकमात्र कारण है मुस्लिम तुष्टिकरण। यदि किसी ने लव जिहाद को लेकर कोई प्रश्न उठाया है और समाज अगर उसके साथ में खड़ा है तो वहां दिग्विजय सिंह को जाने की जरूरत नहीं है। महापौर ने कहा कि केवल माहौल खराब करने के लिए वे यहां आए। मैं तो उल्टा ये कहूंगा कि शहर के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने के लिए, वैमनस्यता फैलाने के लिए दिग्विजय सिंह पर केस होना चाहिए। महापौर ने सज्जन वर्मा के बयान पर दिया ये जवाब
भार्गव ने पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के एक बयान पर भी जवाब दिया। महापौर ने कहा कि सज्जन वर्मा ने भी जो टिप्पणी की है वह घोर आपत्तिजनक है, कि सारे विधायक पुत्र भागते हुए नजर आएंगे। मैं उनको ये कहना चाहता हूं कि ये नौजवानों की टोली है और पूरे एमपी से कांग्रेस को इन नौजवानों की ताकत से हम भगा चुके है। सज्जन वर्मा खुद ही कभी इंदौर से भागते हैं, कभी देवास से भागते हैं। वो तय करे कि वे भागकर कहां जाना चाहते हैं। ये है पूरा मामला…
इंदौर के शीतलामाता बाजार में मुसलमानों को नौकरी पर रखने को लेकर चल रहे विवाद के बीच शनिवार को दिग्विजय सिंह यहां पहुंचे थे। इस दौरान जमकर हंगामा भी हुआ था। दिग्विजय सिंह ने थाने पहुंचकर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की थी। मीडिया से चर्चा के दौरान दिग्विजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एक विधायक के समर्थक मुसलमानों को नौकरी न देने और उनके व्यापार बंद कराने की बात कह रहे हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा, क्या यह कानूनन अपराध नहीं है और अगर है तो पुलिस ने अब तक एफआईआर क्यों नहीं की। उन्होंने कहा कि लोग प्रदर्शन कर रहे हैं और कह रहे हैं कि उनका कसूर सिर्फ इतना है कि वे मुसलमान हैं। जो लोग ईमानदारी से व्यापार कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं, उन्हें धमकाना पूरी तरह से गलत है और इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता। एकलव्य ने की मुस्लिम कर्मचारियों को हटाने की अपील
इस मामले में विवाद तब और बढ़ गया जब भाजपा विधायक मालिनी गौड़ के बेटे एकलव्य गौड़ ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों से मुस्लिम कर्मचारियों को हटा दें। गौड़ ने 25 सितंबर तक का अल्टीमेटम दिया था। ये खबर भी पढ़ें… इंदौर में कांग्रेस में ही दिग्विजय का विरोध:शहर अध्यक्ष बोले- भोपाल से आए नेता आयोजन कर चले जाते हैं इंदौर के शीतलामाता बाजार में दिग्विजय सिंह के इस प्रदर्शन को लेकर इंदौर कांग्रेस में ही उनका विरोध शुरू हो गया है। दिग्विजय सिंह के मुस्लिम व्यापारियों से मिलने के मामले में शहर कांग्रेस ने ही आपत्ति उठाई है। पूरी खबर पढ़ें.. इंदौर में दिग्विजय को शीतलामाता बाजार में घुसने से रोका इंदौर में शनिवार को शीतलामाता बाजार पहुंचे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को पुलिस ने बाजार में घुसने से रोक दिया। पुलिस से लंबी बहस के बाद पूर्व सीएम सराफा थाने पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। पूरी खबर पढ़ें


