दिनदहाड़े दो आरोपियों ने बुजुर्ग महिला के कान से बालियां झपटीं

भास्कर न्यूज|फाजिल्का उपमंडल के गांव बांडीवाला में सरेआम लूट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां बाइक सवार 2 बेखौफ लुटेरों ने एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए उनके कानों से सोने की बालियां छीन लीं। जानकारी के अनुसार, पीड़ित बुजुर्ग महिला घर के पास स्थित दाना मंडी में गोबर की पाथियां सुखाने के लिए गई थीं। इसी दौरान घात लगाकर बैठे बाइक सवार दो युवकों ने मौका मिलते ही उन पर हमला कर दिया और कानों में पहनी सोने की बालियां छीनकर रफूचक्कर हो गए। महिला के पोते संदीप कुमार ने बताया कि ये लुटेरे पिछले दो-तीन दिनों से गांव में घूम रहे थे और रेकी कर रहे थे। उन्होंने पहले से ही बुजुर्ग महिला को अपना सॉफ्ट टारगेट चुन लिया था। जैसे ही बुजुर्ग महिला ने शोर मचाया, पास में स्थित एक वर्कशॉप के संचालक और अन्य दुकानदार तुरंत अपनी बाइक उठाकर लुटेरों के पीछे दौड़ पड़े। साहसी दुकानदारों ने करीब 3 किलोमीटर तक लुटेरों का पीछा किया, लेकिन तेज रफ्तार बाइक होने के कारण आरोपी भाग निकलने में सफल रहे। लुटेरों की यह हिमाकत बताती है कि उन्हें पुलिस प्रशासन का जरा भी खौफ नहीं है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने महिला का बयान दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। हालांकि, दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने गांव में बुजुर्गों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *