पुलिस के शहर को सुरक्षित बताए जाने के दावों की पोल खोलती एक वीडियो ईस्टमैन चौक, कंगनवाल रोड से सामने आई है, जिसमें दो महिलाओं के साथ दिन-दिहाड़े हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। यह वीडियो 19 जनवरी दोपहर 2:54 बजे का बताया जा रहा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि शिकायत देने के बावजूद अब तक न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और न ही केस दर्ज किया गया है। पीडि़ता निशा उर्फ नन्ही (45) ने बताया कि वह अपनी बहू प्रिया (26) और एक छोटे बच्चे के साथ बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही थी, तभी बाइक सवार दो बदमाश आए और दात के बल पर हमला कर सोने का मंगलसूत्र और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पीडि़ता के अनुसार, उन्होंने घटना के बाद पुलिस चौकी कंगनवाल में शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने यह कहकर केस दर्ज करने से इनकार कर दिया कि लूट की कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला है। पीड़ित परिवार ने जब इस मामले में इलाके के इंचार्ज संदीप शुक्ल से संपर्क किया तो घटना के 21 दिन बाद सीसीटीवी फुटेज जुटाई गई और पीडितों को दी गई, साथ ही पुलिस को केस दर्ज करने के लिए कहा। बावजूद इसके अब तक इस मामले में न तो एफआईआर दर्ज हो सकी है, जिससे इलाके में लोगों में रोष है।


